
नैनीताल। सरोवर नगरी में बीते 36 घंटे से हो रही मूसलधार बारिश ने जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। लगातार बारिश के चलते रोजमर्रा के कामकाज के लिए आवाजाही करने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हल्द्वानी रोड पर दोगांव के समीप भारी मलबा आने से यातायात बाधित हो गया है। वाहनों को भीमताल-भवाली और कालाढूंगी मार्ग से डायवर्ट किया जा रहा है।

बीते 24 घंटे में नैनीताल में 185 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। लगातार बारिश के कारण नैनी झील का जलस्तर बढ़कर 88.8 फीट पहुंच गया है। वहीं जिले में जगह-जगह मलबा आने के कारण 15 मोटर मार्ग बाधित हुए हैं।
इधर, रविवार सुबह दोगांव के समीप पहाड़ी पर भारी भूस्खलन हो गया। पहाड़ी से बड़ी मात्रा में मलबा सड़क पर आ जाने से हल्द्वानी-नैनीताल मार्ग पर कई घंटों से यातायात पूरी तरह ठप है। सूचना के बाद एनएच की टीम मौके पर पहुंची और बुलडोजर की मदद से मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया है। लगातार बारिश के बीच सड़क खोलने के प्रयास जारी हैं।

