हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के क्रम में परिवहन विभाग ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान चलाया। सम्भागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सुश्री नेहा झा के नेतृत्व में टीमों ने बीएचईएल, सिडकुल, बहादराबाद और रोड़ी बेलवाला सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई की। अभियान के दौरान अलग-अलग अभियोगों में कुल 187 चालान किए गए तथा 7 वाहनों को सीज किया गया।

कार्रवाई के दौरान तेज गति से वाहन चलाने पर 68 चालान किए गए, जबकि बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने सहित हेलमेट संबंधी उल्लंघनों पर 70 चालान किए गए। इसके अलावा बिना वैध परमिट वाहन संचालन, परमिट की शर्तों का उल्लंघन, ओवरलोडिंग, अनधिकृत वाहन परिवर्तन, प्रदूषण मानकों की अनदेखी तथा फिटनेस, बीमा, ड्राइविंग लाइसेंस और कर संबंधी अनियमितताओं पर भी कार्रवाई की गई।

चेकिंग अभियान में बसों, मालवाहक वाहनों, टैक्सी, ऑटो और दोपहिया वाहनों की जांच की गई। यात्री वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने तथा मालवाहक वाहनों में यात्रियों को ले जाने जैसे मामलों में भी चालान किए गए।
प्रवर्तन कार्रवाई में सुश्री वरुणा सैनी, हरीश कुमार सती, मुकेश भारती, भारत भूषण, अश्वनी कुमार और रविंद्र पाल सैनी ने भी सहभागिता की।

परिवहन विभाग ने वाहन चालकों और संचालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने तथा वाहन के सभी आवश्यक प्रपत्र वैध रखने की अपील की है। विभाग के अनुसार सड़क सुरक्षा और सुरक्षित यात्री परिवहन सुनिश्चित करने के लिए प्रवर्तन कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।


