बाल दिवस पर यातायात जागरूकता कार्यक्रम में सम्मानित छात्र-छात्राएं
हरिद्वार। बाल दिवस के अवसर पर 14 नवंबर 2026 को यातायात पुलिस हरिद्वार ने जवाहरलाल नेहरू युवा केंद्र में विशेष यातायात जागरूकता अभियान आयोजित किया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे लगभग 400 छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

यातायात पुलिस के अधिकारियों ने बच्चों को सड़क पार करने के सुरक्षित तरीके, रेड लाइट एवं ट्रैफिक सिग्नल का पालन, पैदल यात्रियों के नियम, हेलमेट और सीट बेल्ट की उपयोगिता तथा सड़क पर बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में सभी बच्चों को यातायात नियमों का स्वयं पालन करने और अपने परिवारजनों एवं आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की शपथ दिलाई गई। बच्चों को बताया गया कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। नियमों का पालन कर स्वयं के साथ-साथ दूसरों का जीवन भी सुरक्षित रखा जा सकता है।

यह जागरूकता कार्यक्रम यातायात मुख्यालय के निर्देशानुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार एवं पुलिस अधीक्षक यातायात निशा यादव के निर्देशन तथा पुलिस उपाधीक्षक यातायात विपेंद्र कुमार के पर्यवेक्षण में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में प्रभारी यातायात निरीक्षक संदीप सिंह नेगी एवं उपनिरीक्षक सीपीयू नीरज मेहरा ने बच्चों को यातायात संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं।

पुलिस की ओर से अभिभावकों से अपील की गई कि वे बच्चों को बचपन से ही यातायात नियमों का महत्व समझाएं, स्वयं नियमों का पालन करें और बच्चों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाएं। आज के जागरूक बच्चे ही कल के जिम्मेदार नागरिक बनेंगे।







