- खौलती कढ़ाई में दूध को घोट-घोट कर बनाया जाता है खेंचुआ (लॉज) कटकी
ललित मोहन गहतोड़ी
चंपावत। खेंचुआ, लॉज और कटकी चाय यह महज चंद शब्द नहीं वरन एक जगह विशेष की पहचान हैं। यदि आप कभी लोहाघाट के गलचौड़ा गये और आपने वहां बंद लॉज और कटकी चाय का स्वाद नहीं लिया हो, ऐसा हो नहीं सकता। गलचौड़ा की मीठी -मीठी कटकी बहुत प्रसिद्ध है जिसका स्वाद लेने बहुत दूर-दूर से लोग यहां आते हैं।
गलचौड़ा बाबा मंदिर के नाम से प्रसिद्ध यह कस्बा लोहाघाट नगर से 5 किमी दूर सिमलखेत-अल्मोड़ा मोटर मार्ग में स्थित है। इसके चलते दो पहिया और चौपहिया वाहनों से रूक-रूक कर भी लोग यहां की स्वादिष्ट कटकी चाय का स्वाद लेना नहीं भूलते। स्थानीय राजेश, विपिन, मोहन बताते हैं कि यहां कटकी चाय पीने के बाद घर के लिए बंद लॉज पैकिंग कर ले जाते लोगों की हमेशा भीड़ जुटी रहती हैं।
गलचौड़ा की कटकी चाय लोगों के बीच बहुत पसंद की जाती है। दूध को घोटकर बनाई कटकी (खेंचुआ) का लाजवाब स्वाद चाय को और बेहतर बना देता है। ब्रेड बंद को बीच में काटकर उसमें चम्मच से कटकी लगा देते हैं। बेहद चाव से लोग इसे चाय के साथ खाते हैं। सुबह और शाम के समय इन प्रतिष्ठानों में जमकर भीड़ जुटती है और कई पराद कटकी कुछ ही समय में चट हो जाती है। पुरानी सी इन दुकानों में तीसरी पीढ़ी के युवा अब इस काम को संभाल रहे हैं। स्थानीय दुकानदार सतीश ने बताया कि प्रत्येक दुकान से लगभग 3 किलो से अधिक की कटकी चाय की खपत यहां रोजाना हो जाती है।
कटकी (खेंचुआ) बनाने के लिए ताजे दूध की चाश्नी को भट्टी की आग में खूब अच्छे से पका कर खोया तैयार किया जाता है। इसके बाद इसमें आवश्यकता अनुसार चीनी और स्वादानुसार ईलाइची पीसकर मिलाई जाती है। लगभग 5 किलो दूध को पकाकर इससे लगभग ढाई किलो खेंचुआ तैयार किया जा सकता है। गर्म-गर्म खेंचुआ ब्रेड और बंद में चाकू की मदद से लपेटकर इसे परोसा जाता है। गलचौड़ा की कटकी खेंचुआ के इस स्वाद के दीवाने उत्तराखण्ड और काली कुमाऊं तक ही सीमित नहीं वरन देश-विदेश तक में फैले हुए हैं।
काली कुमाऊं के बाजारों में भी मिलता है शुद्ध खोये से तैयार खेंचुआ
चंपावत। गलचौड़ा के अलावा काली कुमाऊं के लोहाघाट, खेतीखान, पाटी, देवीधूरा, बाराकोट और चंपावत की बाजार में आपको कटकी खेंचुआ खाने को मिल जाएगा। लेकिन जो खेंचुआ के दीवानों की भीड़ गलचौड़ा में देखने को मिलती है शायद ही कहीं और मिले। इसके अलावा यहां दुकानों में ताजी-ताजी जलेबी और स्वादिष्ट चना और रायते का भी आप स्वाद ले सकते हैं।

