
बेरीनाग। विकासखंड के पांखू क्षेत्र के डाडल गांव में सोमवार देर शाम घास काटने गई 52 वर्षीय महिला पर भालू ने हमला कर दिया। भालू के काटने से महिला के पैर में गंभीर चोट आई है। घायल महिला का जिला अस्पताल बागेश्वर में उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार डाडल गांव निवासी चंपा देवी (52) सोमवार देर शाम गांव के आसपास घास काट रही थीं। इसी दौरान अचानक भालू ने उन पर हमला कर दिया और उनके पैर को काट लिया। महिला के शोर मचाने पर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद भालू जंगल की ओर भाग गया।

ग्रामीणों ने घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल बागेश्वर पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार पिछले कुछ समय से डाडल गांव और आसपास के क्षेत्र में भालू और उसके शावक लगातार दिखाई दे रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में पहले से ही दहशत बनी हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के आसपास भालू के दो बच्चों को भी देखा गया था। इनमें से एक शावक पेड़ पर चढ़ गया था, जबकि दूसरा जाल में फंस गया था। बाद में वन विभाग की टीम ने दोनों शावकों को जंगल में छोड़ दिया।
महिला पर भालू के हमले की सूचना मिलने के बाद एसडीओ नेहा सौन और वन क्षेत्राधिकारी चंदा मेहरा के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र का निरीक्षण किया। टीम ने ग्रामीणों से घटना की जानकारी लेने के साथ ही आसपास भालुओं की मौजूदगी के संबंध में भी जानकारी जुटाई।
ग्रामीणों ने वन विभाग से गांव और आसपास के क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने तथा भालुओं की आबादी क्षेत्र में आवाजाही रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि एक साथ कई भालुओं के घूमने से बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। उन्होंने घास काटने और जंगल जाने वाले लोगों से भी सतर्कता बरतने की अपील की है।

