
गंगोलीहाट (बेरीनाग)। गंगोलीहाट तहसील मुख्यालय से करीब आठ किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत भंडारीगांव में शनिवार को गुलदार ने घर के आंगन में खेल रहे 10 वर्षीय बालक को अपना निवाला बना लिया। घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, मजदूर भगवान राम का 10 वर्षीय पुत्र रियांशु शनिवार को घर के आंगन में अपनी दादी के सामने खेल रहा था। इसी दौरान घात लगाए गुलदार ने अचानक उस पर हमला किया और उसे उठाकर ले गया। घटना की भनक लगते ही परिजनों और ग्रामीणों ने बालक की तलाश शुरू कर दी।
काफी खोजबीन के बाद रियांशु का शव घर से करीब 200 मीटर और मुख्य सड़क से लगभग 250 मीटर दूर झाड़ियों में बरामद हुआ। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रियांशु भगवान राम का छोटा बेटा था। परिवार में उसका 12 वर्षीय बड़ा भाई दिव्यांशु भी है।
घटना की सूचना शाम करीब चार बजे मिलने पर वन विभाग की टीम वन दरोगा देवेंद्र सिंह महरा के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। टीम में अजय पल्याल, मनीषा, लक्ष्मी लुंठी और दीवान सिंह शामिल रहे। वहीं, कोतवाली पुलिस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था संभाली।
कोतवाल कैलाश जोशी ने बताया कि आकिल सिद्दीकी के नेतृत्व में पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। टीम में हेड कांस्टेबल सुभाष, राजपाल, दिवाकर सिंह और वीरेंद्र गैंडा शामिल रहे।
ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र में गुलदार की सक्रियता को लेकर पहले से चिंता बनी हुई थी। घटना से ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति भी नाराजगी है और गुलदार को पकड़ने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की जा रही है।


