
बागेश्वर। कपकोट-शामा राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शामा की ओर से कपकोट आ रही दिल्ली नंबर की वैगनआर कार किरौली धूरा तोक के पास अचानक ब्रेक फेल होने से अनियंत्रित होकर करीब 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत चार लोग घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार सोमवार करीब 3:20 बजे वाहन संख्या डीएल-9सीएवी-7286 शामा से कपकोट की ओर आ रहा था। किरौली धूरा तोक के पास अचानक कार के ब्रेक फेल हो गए। चालक ने वाहन को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन तेज ढलान के कारण कार सड़क से बाहर निकलकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही थाना कपकोट पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। पुलिस ने खाई में गिरे घायलों को बाहर निकाला। तीन घायलों को पुलिस वाहन से सीएचसी कपकोट पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। एक अन्य घायल को भी उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
दुर्घटना में कौशल्या देवी (48) पत्नी रमेश सिंह टोलिया, निवासी ग्राम सरमोली, मुनस्यारी, जिला पिथौरागढ़ की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतका के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया दुर्घटना का कारण कार के ब्रेक फेल होना सामने आया है। हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

