
–
हर जिले में बनेगा सांस्कृतिक ग्राम, अब तक 1,500 पांडुलिपियां संग्रहित; 23 सितंबर से शुरू होंगी संस्कृत प्रतियोगिताएं

चंपावत। उत्तराखंड संस्कृत अकादमी के सचिव पद पर डॉ. विनय विद्यालंकार की नियुक्ति के बाद प्रदेश में संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार को नई दिशा देने की कवायद तेज हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशन में संस्कृत को घर-घर तक पहुंचाने के लिए कई योजनाओं पर काम किया जा रहा है।
डॉ. विद्यालंकार ने बताया कि अगले दो माह के भीतर प्रदेश में चार वेद अध्ययन केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इनमें दो केंद्र कुमाऊं और दो गढ़वाल मंडल में खोले जाएंगे। उन्होंने कहा कि संस्कृत का उद्देश्य किसी अन्य भाषा का विरोध करना नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़ी भाषा को व्यापक स्तर पर बढ़ावा देना है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देशन में उत्तराखंड के प्रत्येक जिले में एक-एक सांस्कृतिक ग्राम स्थापित किया जाएगा। लोक कलाकारों के माध्यम से संस्कृत को बोलचाल और व्यवहार का हिस्सा बनाने के प्रयास किए जाएंगे। संस्कृत के विद्वानों के साथ ही भाषा के प्रचार-प्रसार में योगदान दे रही महिलाओं को भी सम्मानित किया जाएगा। अल्पसंख्यक विद्यालयों में भी संस्कृत के प्रचार-प्रसार पर जोर दिया जा रहा है।
1,500 पांडुलिपियां संग्रहित
डॉ. विद्यालंकार के अनुसार उत्तराखंड के ऋषि-मुनियों और प्राचीन परंपराओं से जुड़ी महत्वपूर्ण पांडुलिपियों का संग्रह किया जा रहा है। अब तक करीब 1,500 पांडुलिपियां संग्रहित की जा चुकी हैं। परीक्षण के बाद इनका प्रकाशन कराने की योजना है।
उन्होंने कहा कि संस्कृत भाषा भारतीय संस्कारों और परंपराओं से गहराई से जुड़ी है। संस्कृत के श्लोक, ऋचाओं और गीता पाठ को पारिवारिक वातावरण का हिस्सा बनाने से नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने में मदद मिलेगी।
60 हजार छात्र-छात्राएं लेंगी हिस्सा
संस्कृत अकादमी की ओर से प्रदेशभर में संस्कृत भाषा की विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जा रही हैं। इस वर्ष करीब 60 हजार छात्र-छात्राओं के प्रतियोगिताओं में शामिल होने की उम्मीद है।
- 23 और 24 सितंबर — ब्लॉक स्तर
- 7 और 8 अक्टूबर — जिला स्तर
- 23 और 24 नवंबर — राज्य स्तर
इस बार निजी विद्यालयों के शिक्षकों को भी प्रतियोगिताओं का संयोजक बनाया जा रहा है, जिससे निजी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को भी इन प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा।

