उत्तरकाशी। सड़क दुर्घटनाओं में जनहानि रोकने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से उत्तरकाशी पुलिस द्वारा ‘सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा’ अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में 16 नवंबर 2026 को जिला मुख्यालय में यातायात पुलिस ने वाहन चालकों, स्थानीय नागरिकों और राहगीरों को जागरूक किया।
निरीक्षक यातायात सुनील कुमार के नेतृत्व में टीम ने यातायात नियमों, ट्रैफिक सिग्नल और सुरक्षित वाहन संचालन की जानकारी दी। इस दौरान सड़क सुरक्षा संबंधी पम्पलेट भी वितरित किए गए।
अभियान में दोपहिया वाहन चालकों के साथ पीछे बैठकर सफर करने वाले पिलियन राइडर को भी हेलमेट पहनने की अनिवार्यता और उपयोगिता बताई गई। पुलिस ने कहा कि हेलमेट पहनने के बाद उसकी स्ट्रिप को ठोड़ी के नीचे अच्छी तरह लॉक करना जरूरी है। बिना बेल्ट लॉक किए हेलमेट दुर्घटना के दौरान सिर से निकल सकता है।
पुलिस ने लोगों से निर्धारित मानकों वाला अच्छी गुणवत्ता का हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन कर स्वयं तथा अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की।


