उत्तरकाशी। ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत उत्तरकाशी पुलिस ने चेकिंग के दौरान जोकाणी, ज्ञानसू के समीप एक व्यक्ति को 6.26 ग्राम अवैध स्मैक और 9,200 रुपये की नकदी के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी की पहचान शोभित उर्फ बबलू के रूप में बताई है।
पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई 15 नवंबर 2026 की शाम कोतवाली उत्तरकाशी पुलिस ने की। पुलिस के मुताबिक बरामद नकदी स्मैक बिक्री से अर्जित बताई गई है।
आरोपी के विरुद्ध कोतवाली उत्तरकाशी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/27A के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ उत्तरकाशी एवं हरिद्वार में एनडीपीएस एक्ट के कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं और उसके विरुद्ध पूर्व में गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है।
पुलिस ने बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत 1.90 लाख रुपये बताई है। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक जगत सिंह, अपर उपनिरीक्षक महेन्द्र सिंह, मुख्य आरक्षी गोविन्द गुसाईं और चालक जयेन्द्र सिंह शामिल रहे।


