हरिद्वार। कोतवाली झबरेड़ा पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत जान से मारने की नीयत से मारपीट करने के मामले में एक नामजद आरोपित और एक नाबालिग को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक 9 नवंबर 2026 को ग्राम खजूरी निवासी सुमित ने तहरीर देकर बताया था कि उनके चाचा मंगता के साथ इरफान सहित सात लोगों ने घर में घुसकर पलकटी, लाठी-डंडों और सरिये से हमला किया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। इस संबंध में मुकदमा संख्या 210/26 दर्ज किया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वांछितों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस ने नामजद आबाद पुत्र इरफान और एक नाबालिग को हिरासत में लिया। नाबालिग के संबंध में किशोर न्याय कानून के अनुरूप कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अर्जुन कुमार, अपर उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह और हेड कांस्टेबल मोहन शामिल रहे।


