खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को खटीमा के ग्राम 22 पुल, खिलड़िया स्थित छठ घाट पर छठ महापर्व के अवसर पर भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने छठी मैया एवं भगवान सूर्यदेव से समस्त प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने छठ घाट पर बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं से भेंट कर उन्हें छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व हमारी समृद्ध लोकसंस्कृति, अटूट आस्था, पवित्र परंपराओं और सामाजिक समरसता का अनुपम संगम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान सूर्यदेव एवं छठी मैया की उपासना का यह पावन पर्व प्रकृति के प्रति सम्मान, कृतज्ञता, संयम, सेवा और सामूहिक सद्भाव का संदेश देता है। ऐसे पर्व सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने के साथ समाज में प्रेम, भाईचारे और एकता को मजबूत करते हैं।


