
हल्द्वानी। सारथी फाउंडेशन समिति ने हर वर्ष की परंपरा को जारी रखते हुए इस बार भी दिवाली से पूर्व मेहनतकश जरूरतमंद परिवारों के साथ दिवाली मिलन कार्यक्रम आयोजित किया। मुखानी रोड स्थित मां जगदंबा बैंक्वेट हॉल में आयोजित कार्यक्रम में संस्था की ओर से पूर्व में चिह्नित जरूरतमंद परिवारों को दिवाली उपहार वितरित किए गए।
उपहार पैकेट में मोमबत्ती, मिठाई, खिलौने, खील-बताशे, जूस, चिप्स, नमकीन और बिस्कुट सहित दिवाली से जुड़ी आवश्यक सामग्री शामिल रही। उपहार पाकर परिवारों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी। उन्होंने संस्था का आभार जताते हुए कहा कि सारथी फाउंडेशन हर वर्ष सबसे पहले जरूरतमंद परिवारों के साथ दिवाली मनाती है और इसके बाद स्वयं त्योहार मनाती है।
संस्था के अध्यक्ष नवीन पंत ने सभी परिवारों को दिवाली की शुभकामनाएं देते हुए उनका आभार व्यक्त किया। सचिव ज्ञानेद्र जोशी ने कहा कि संस्था प्रतिवर्ष दिवाली से पहले इस तरह का आयोजन करती है। जरूरतमंद परिवारों का आशीर्वाद ही संस्था की असली पूंजी है। उन्होंने सभी को दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में चार्टर्ड अकाउंटेंट सरोज आनंद जोशी, गिरीश चंद्र लोहनी, गीता बेलवाल, हेमा जोशी, मीना साही, पूजा पंत, भावना जोशी, कौशल्या जोशी, बीना जोशी, रंजना जोशी, भावना पांडे, रमा जोशी, दीप्ति जोशी, भगवती बिष्ट, जयप्रकाश सहित संस्था के अन्य सदस्य मौजूद रहे।


