
हल्द्वानी। भारी बारिश के बीच लाखनमंडी क्षेत्र में आम का पेड़ दो मकानों पर गिर गया। हादसे में दोनों मकानों को नुकसान पहुंचने के साथ ही उनमें रखा सामान भी पेड़ के नीचे दब गया। हादसे में दो लोगों को चोटें आईं। सूचना मिलते ही चोरगलिया पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान चलाकर मकानों में मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
पुलिस के अनुसार, 27 सितंबर 2026 को लाखनमंडी, चोरगलिया में भारी बारिश के दौरान आम का पेड़ गिरने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि पेड़ गिरने से अतीक अहमद पुत्र मो. शाहिद, निवासी मस्जिद रोड, लाखनमंडी के मकान को नुकसान पहुंचा है। मकान में रखा सामान, UK06AB7823 नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल समेत अन्य सामग्री पेड़ के नीचे दब गई।

वहीं, मुकेश राम पुत्र हरीश राम के मकान पर भी पेड़ गिर गया। हादसे में उनके पिता हरीश राम पुत्र मथुरा प्रसाद (49) के हाथ में चोट आई, जबकि उनकी पुत्री मुस्कान (18) को भी गुम चोटें आईं।
पेड़ गिरने से मकान के अंदर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। चोरगलिया पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस टीम ने मौके पर स्थिति का जायजा लेते हुए लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की।
हादसे में दोनों मकानों और उनमें रखा सामान क्षतिग्रस्त हुआ है।

