
हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के नामांकन के दौरान कथित तौर पर अराजकता, हुड़दंग और बलवा करने वालों के खिलाफ नैनीताल पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कई उपद्रवियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज किए हैं।
पुलिस के अनुसार, छात्रसंघ चुनाव की नामांकन प्रक्रिया के दौरान कुछ प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने लोक सेवकों के विधिवत आदेशों का उल्लंघन करते हुए बड़ी संख्या में रैलियां निकालीं। इस दौरान कॉलेज परिसर और आसपास के क्षेत्रों में यातायात बाधित होने के साथ कानून-व्यवस्था की स्थिति भी प्रभावित हुई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सदोष अवरोध उत्पन्न करने, बलवा करने, लोक सेवक के विधिसम्मत आदेश का उल्लंघन करने तथा लापरवाही और उपेक्षापूर्वक वाहन चलाने जैसी धाराओं में अभियोग दर्ज किए हैं। पुलिस का कहना है कि नामांकन रैलियों के दौरान बिना अनुमति बड़े वाहनों के इस्तेमाल के मामले में भी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने वीडियो फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर घटनाओं में शामिल लोगों की पहचान शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक, जांच के दौरान सामने आने वाले अन्य लोगों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, आगामी चुनाव प्रक्रिया के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने संभावित रूप से अराजकता फैलाने वाले लोगों को चिन्हित कर निरोधात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि इसका उद्देश्य कॉलेज परिसर में किसी भी संभावित हिंसक गतिविधि या अप्रिय स्थिति को रोकना है।
नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि छात्रसंघ चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था प्रभावित करने या विधि-विरुद्ध गतिविधियों में शामिल पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

