
–तीन विद्यार्थियों का राजकीय मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस के लिए चयन
द्वाराहाट। कुमाऊं पब्लिक स्कूल द्वाराहाट के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विद्यालय के तीन विद्यार्थियों ने उत्तराखंड के राजकीय मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस पाठ्यक्रम में प्रवेश हासिल किया है।

विद्यालय की छात्रा वैष्णवी पाण्डेय ने उत्तराखंड स्टेट रैंक 271 प्राप्त कर राजकीय मेडिकल कॉलेज अल्मोड़ा, शानवी नेगी ने स्टेट रैंक 326 के साथ राजकीय मेडिकल कॉलेज अल्मोड़ा तथा प्रियांशु कुमार ने स्टेट रैंक 488 हासिल कर राजकीय मेडिकल कॉलेज देहरादून में एमबीबीएस में प्रवेश प्राप्त किया है। तीनों विद्यार्थियों की सफलता से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।
विद्यालय की प्रधानाचार्या ऊमा अधिकारी ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर विशेष ध्यान दिया जाता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि उनके निरंतर परिश्रम, शिक्षकों के मार्गदर्शन और विद्यालय के सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण का परिणाम है।
उन्होंने बताया कि विद्यालय में विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता, व्यक्तित्व विकास और आत्मविश्वास को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया जाता है। इसी का परिणाम है कि विद्यालय के विद्यार्थी शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ विभिन्न सह-शैक्षणिक गतिविधियों में भी लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।
विद्यालय के प्रबंधक पी.एस. राणा और अध्यक्षा रेखा चौहान ने सफल विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायी है।
विद्यालय परिवार ने तीनों सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

