
हरिद्वार/भगवानपुर। सिकंदरपुर स्थित हिन्दुस्तान पेट्रोलियम पंप पर पेट्रोल भरवाने के बाद कर्मचारी से 9,500 रुपये लूटने के मामले का भगवानपुर पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से लूट की रकम में से 3,000 रुपये, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और 315 बोर का देशी तमंचा बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर की रात दो युवक सिकंदरपुर स्थित पेट्रोल पंप पर पहुंचे और बाइक में 40 रुपये का पेट्रोल भरवाया। दोनों ने कर्मचारी को 200 रुपये का नोट दिया। कर्मचारी द्वारा 160 रुपये वापस किए जाने के दौरान आरोपियों ने उसके हाथ में रखे 9,500 रुपये छीन लिए।

कर्मचारी ने आरोपियों का पीछा करने का प्रयास किया तो दोनों ने तमंचा दिखाकर गोली मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों की पहचान के प्रयास किए। इसी क्रम में शनिवार देर रात सिकंदरपुर-सिरचंदी मार्ग पर चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को पुलिस ने पकड़ लिया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने पेट्रोल पंप पर लूट की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से लूट की रकम में से 3,000 रुपये, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और 315 बोर का देशी तमंचा बरामद किया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

