
तीन एसी आउटर और 15,600 रुपये की नकदी बरामद

हल्द्वानी। बनभूलपुरा थाना पुलिस ने शनि बाजार रोड स्थित हुसैनी बैंकट हॉल में हुई चोरी का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए तीन एसी आउटर और 15,600 रुपये की नकदी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 20 सितंबर 2026 को किदवई नगर निवासी मो. अमान ने बनभूलपुरा थाने में तहरीर देकर बताया था कि शनि बाजार रोड स्थित हुसैनी बैंकट हॉल के दोनों गल्लों के ताले तोड़कर उनमें रखी करीब 80 हजार से एक लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली गई। इसके अलावा पीछे स्थित मैरिज हॉल से तीन एसी के आउटर भी चोरी किए गए थे।
तहरीर के आधार पर बनभूलपुरा थाने में मु0अ0सं0 156/2026, धारा 305(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना के खुलासे के लिए प्रभारी निरीक्षक दिनेश चंद्र फर्त्याल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने सुरागरसी और पतारसी के बाद 27 सितंबर को गोला बायपास रोड पर हिमालयन स्कूल के सामने पुलिया के नीचे से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए तीन इन्वर्टर एसी आउटर, ब्लू स्टार कंपनी के, तथा 15,600 रुपये की नकदी बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मौ. तौफीक (25) पुत्र मौ. मसीत अहमद, निवासी इंद्रानगर, बनभूलपुरा और मौ. मुस्तफा (26) पुत्र मौ. अशफाक, निवासी छोटी रोड, बनभूलपुरा के रूप में हुई है।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2)/3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मनोज कुमार यादव, अपर उपनिरीक्षक पुष्कर आर्या, कांस्टेबल सुनील कुमार और कांस्टेबल दिलशाद अहमद शामिल रहे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में हुई कार्रवाई में पुलिस टीम को सफलता मिली।


