Ad

13 सूत्रीय मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान आर पार की लड़ाई के मूड में प्रदेश जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ

ADVERTISEMENTS
खबर शेयर करें -

13 सूत्रीय मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान
आर पार की लड़ाई के मूड में प्रदेश जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ

देहरादून। प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ उत्तराखंड ने अपनी 13 सूत्रीय मांगों के समाधान में लगातार हो रही देरी के विरोध में चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान कर दिया है। संघ के प्रदेश अध्यक्ष विनोद थापा व प्रदेश महामंत्री जगवीर खरोला ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि मुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री सहित शासन के उच्च अधिकारियों को कई बार ज्ञापन सौंपने और वार्ता करने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया है।

सरकार व शासन द्वारा शिक्षकों की ज्वलंत मांगों पर संवेदनशीलता नहीं दिखाई जा रही है। जिससे शिक्षकों में भारी आक्रोश है। वर्ष 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को टीईटी से छूट, 17140 वेतनमान का वास्तविक लाभ, त्रिस्तरीय कैडर व्यवस्था, सेवाकाल में तीन पदोन्नति, अंग्रेजी विषय के पद सृजन, पुरानी पेंशन, अंतर्जनपदीय स्थानांतरण, चयन/प्रोन्नत वेतनमान पर वेतन वृद्धि, कनिष्ठ – वरिष्ठ वेतन विसंगति तथा निःशुल्क चिकित्सा सुविधा जैसी 13 प्रमुख मांगें लंबे समय से लंबित हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री से इन मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की है।

प्रदेश उपाध्यक्ष उमेश चौहान ने कहा कि निदेशालय स्तर से कई प्रस्ताव शासन को भेजे जा चुके हैं, लेकिन अनुभाग स्तर पर लंबित हैं और धूल फांक रहे हैं। प्रदेश कोषाध्यक्ष मनोज शाह ने वर्ष 2006 से लंबित 17140 वेतन विसंगति को शिक्षकों की बड़ी समस्या बताते हुए कहा कि 2018 के आदेश में “काल्पनिक” शब्द जोड़ने से शिक्षकों पर लाखों रुपये की वसूली का खतरा बना हुआ है। वहीं प्रांतीय वरिष्ठ संयुक्त मंत्री सुरेश भट्ट ने कहा कि प्रारम्भिक शिक्षा संवर्ग के शिक्षकों को 30–35 वर्ष की सेवा के बाद भी पूरे सेवाकाल में केवल एक ही पदोन्नति मिल पाती है, जो गंभीर चिंता का विषय है।

चरणबद्ध आंदोलन कार्यक्रम इस प्रकार रहेगा—
प्रथम चरण (1 से 10 मई 2026):
प्रदेश के सभी शिक्षक बाएं हाथ में काली पट्टी बांधकर शिक्षण कार्य करेंगे, साथ ही प्रधानमंत्री को टीईटी अनिवार्यता से छूट तथा मुख्यमंत्री को 13 सूत्रीय मांगों के समर्थन में पोस्टकार्ड भेजेंगे। विकासखंड व जनपदीय कार्यकारिणी अपने-अपने क्षेत्रीय विधायक व सांसदों के माध्यम से प्रधानमंत्री को टीईटी से छूट तथा मुख्यमंत्री को मांगों के समर्थन में ज्ञापन प्रेषित करेगी।

द्वितीय चरण (12 मई 2026):
सभी विकासखंडों में शिक्षक उपजिलाधिकारी/उप शिक्षा अधिकारी कार्यालयों पर धरना-प्रदर्शन करेंगे और प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपेंगे।

तृतीय चरण (18 मई 2026):
प्रदेश के सभी जनपद मुख्यालयों पर विशाल हुंकार रैली निकाली जाएगी तथा जिलाधिकारी/जिला शिक्षा अधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया जाएगा।

चतुर्थ चरण (29 मई 2026):
प्रदेश, जिला व ब्लॉक कार्यकारिणी द्वारा प्रारम्भिक शिक्षा निदेशालय पर एक दिवसीय चेतावनी धरना दिया जाएगा तथा निदेशक प्रारम्भिक शिक्षा के माध्यम से प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री को ज्ञापन भेजा जाएगा।

पंचम चरण (8 जून 2026):
देहरादून में पवेलियन ग्राउंड से बुद्धा चौक, दर्शन लाल चौक, घंटाघर, राजपुर रोड होते हुए सचिवालय तक विशाल गर्जना रैली निकालते हुए सचिवालय कूच किया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष विनोद थापा व प्रदेश महामंत्री जगवीर खरोला ने प्रदेश के समस्त शिक्षकों से आंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लेने और इसे सफल बनाने की अपील की है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad
Ad
Ad

दया जोशी (संपादक)

श्री केदार दर्शन

Related Articles