
लंबे संगठनात्मक अनुभव और सोशल मीडिया क्षेत्र में सक्रिय भूमिका का मिला सम्मान।


हल्द्वानी। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सोशल मीडिया विभाग के नवनियुक्त पदाधिकारियों की सूची को अपनी स्वीकृति प्रदान कर दी है। प्रदेश कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग में अभिनव थापर को अध्यक्ष, भरत शर्मा एवं हर्षित सिंह बिष्ट को उपाध्यक्ष तथा रोहित भट्ट, मधुसूदन सुंदरियाल, दिनेश चंद्र टम्टा एवं जसवीर कौर को प्रदेश समन्वयक (कोऑर्डिनेटर) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
रोहित भट्ट की नियुक्ति को कांग्रेस संगठन में उनकी लंबे समय से चली आ रही सक्रियता और सोशल मीडिया एवं संचार के क्षेत्र में उनके अनुभव की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के रूप में देखा जा रहा है। मोटाहल्दू निवासी रोहित भट्ट लंबे समय से कांग्रेस संगठन से जुड़े हुए हैं और पूर्व नेता प्रतिपक्ष, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता स्वर्गीय डॉ. इंदिरा हृदयेश जी के साथ भी लंबे समय तक सक्रिय रूप से कार्य कर चुके हैं।
रोहित भट्ट वर्तमान में हल्द्वानी विधायक श्री सुमित हृदयेश के जनसंपर्क अधिकारी (PRO) के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। साथ ही वे जिला नैनीताल कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग के प्रभारी की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं।
संगठन में विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का अनुभव रखने वाले रोहित भट्ट पूर्व में कांग्रेस आईटी सेल के प्रदेश सचिव तथा अल्मोड़ा लोकसभा क्षेत्र के प्रभारी की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। इसके अलावा वे इंटक (राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस) की युवा इकाई के राष्ट्रीय सचिव (मीडिया) के रूप में भी संगठनात्मक एवं मीडिया संबंधी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर चुके हैं।
कांग्रेस संगठन में लंबे समय से सक्रिय रहते हुए रोहित भट्ट ने सोशल मीडिया, डिजिटल कम्युनिकेशन, मीडिया समन्वय एवं संगठनात्मक गतिविधियों के प्रचार-प्रसार के क्षेत्र में लगातार कार्य किया है। उनकी नई जिम्मेदारी के माध्यम से प्रदेश कांग्रेस के डिजिटल एवं सोशल मीडिया अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने, संगठन की नीतियों एवं कार्यक्रमों को आम जनता तक पहुंचाने तथा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सक्रिय रूप से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की उम्मीद जताई जा रही है।
रोहित भट्ट ने अपनी नियुक्ति के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व, प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व तथा सभी वरिष्ठ नेताओं एवं संगठन के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जो विश्वास और जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे तथा कांग्रेस की विचारधारा, जनहित के मुद्दों और संगठन की आवाज को सोशल मीडिया के माध्यम से मजबूती से जनता तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
रोहित भट्ट की नियुक्ति पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि उनके अनुभव एवं सक्रियता से उत्तराखंड कांग्रेस का सोशल मीडिया संगठन और अधिक मजबूत एवं प्रभावी होगा।

