
हल्द्वानी। नाबालिग बच्चों के विरुद्ध अपराधों पर नैनीताल पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए दुष्कर्म के आरोपी को घटना के कुछ ही समय बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, 13 अगस्त 2026 को एक महिला ने कोतवाली मुखानी में तहरीर देकर अपने 13 वर्षीय पुत्र के साथ मोहम्मद आजम उर्फ अफजल द्वारा अब्दुल्ला पेट्रोल पंप के पास ईंट के चट्टे के पीछे दुष्कर्म और मारपीट किए जाने का आरोप लगाया।
तहरीर के आधार पर कोतवाली मुखानी में FIR No. 126/2026 के तहत धारा 115(2), 137(2) BNS एवं 3/4 पॉक्सो अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना उप निरीक्षक दीपा जोशी को सौंपी गई।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में पुलिस ने तत्काल आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू की। पुलिस अधीक्षक नगर हल्द्वानी मनोज कत्याल के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मोहम्मद आजम उर्फ अफजल (40 वर्ष) को 13 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी मूल रूप से ग्राम कायमगंज, तहसील बिलासपुर, जनपद उत्तर प्रदेश का निवासी है और वर्तमान में भूरा मुल्ला, अब्दुल्ला पेट्रोल पंप के पास, थाना मुखानी क्षेत्र में रह रहा था।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट किया कि नाबालिग बच्चों के विरुद्ध अपराधों को लेकर नैनीताल पुलिस की जीरो टॉलरेंस की नीति है। ऐसे गंभीर अपराधों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध त्वरित और कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


