
लालकुआं। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने दुग्ध उत्पादकों के हित में 30 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत किए जाने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से प्रदेश के करीब 52 हजार दुग्ध उत्पादक परिवारों को लाभ मिलेगा, जिसमें लालकुआं दुग्ध संघ से जुड़े करीब 34 हजार दुग्ध उत्पादक परिवार भी शामिल हैं।

मुकेश बोरा ने बताया कि स्वीकृत धनराशि में 14 करोड़ रुपये दूध मूल्य प्रोत्साहन, 13 करोड़ रुपये साईलेज अनुदान और 3 करोड़ रुपये चारा परिवहन अनुदान के लिए निर्धारित किए गए हैं। मैदानी और पर्वतीय क्षेत्रों के दुग्ध उत्पादकों के लिए भी प्रोत्साहन राशि का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने बताया कि दूध मूल्य प्रोत्साहन के 14 करोड़ रुपये में से लालकुआं दुग्ध संघ को करीब साढ़े आठ करोड़ रुपये, साईलेज अनुदान के 13 करोड़ रुपये में से करीब साढ़े सात करोड़ रुपये तथा चारा परिवहन अनुदान के 3 करोड़ रुपये में से लगभग डेढ़ करोड़ रुपये मिलने का अनुमान है। इससे संघ से जुड़े दुग्ध उत्पादकों और पशुपालकों को प्रत्यक्ष आर्थिक लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि साईलेज अनुदान से दुधारू पशुओं के लिए पौष्टिक आहार की उपलब्धता बढ़ेगी, जबकि चारा परिवहन अनुदान से पशुपालकों को चारे के परिवहन पर होने वाले खर्च में राहत मिलेगी। इससे दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा मिलने के साथ पशुपालकों की आय में भी वृद्धि की उम्मीद है।
दुग्ध संघ अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश के दुग्ध उत्पादक परिवार ग्रामीण अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। सरकार की ओर से दिए जा रहे प्रोत्साहन और अनुदान से दुग्ध उत्पादकों को आर्थिक संबल मिलेगा तथा दुग्ध व्यवसाय को गति मिलेगी।
मुकेश बोरा ने कहा कि लालकुआं नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड की ओर से सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री और दुग्ध विकास मंत्री का आभार व्यक्त किया गया है। उन्होंने कहा कि स्वीकृत धनराशि से दुग्ध उत्पादकों और पशुपालकों को आर्थिक राहत मिलने के साथ दुग्ध व्यवसाय को प्रोत्साहन मिलेगा।


