
-18 किमी में 11.5 किमी पैच मरम्मत पूरी, मंडलायुक्त दीपक रावत करेंगे प्रतिदिन मॉनिटरिंग

हल्द्वानी/रामनगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रामनगर-काशीपुर रोड की खराब स्थिति का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर सड़क को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने सड़क मरम्मत कार्यों की प्रतिदिन निगरानी सुनिश्चित करने के साथ ही कुमाऊं मंडल की अन्य महत्वपूर्ण सड़कों को भी प्राथमिकता के आधार पर गड्ढामुक्त करने को कहा है।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में मंडलायुक्त दीपक रावत रामनगर-काशीपुर रोड पर चल रहे पैच मरम्मत कार्य की प्रतिदिन समीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि काशीपुर से रामनगर प्रभाग में कुल 18 किलोमीटर सड़क पर पैच मरम्मत का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके सापेक्ष अब तक 11.5 किलोमीटर कार्य पूरा हो चुका है।
कार्य में तेजी लाने के लिए प्लांट और कार्यस्थल पर 30 से अधिक श्रमिक लगाए गए हैं। मरम्मत कार्य में 3 स्टेटिक रोलर, एक वाइब्रेटर रोलर, एक पेवर, दो टार बॉयलर, आठ टिपर और एक जेसीबी का उपयोग किया जा रहा है।
मंडलायुक्त ने बताया कि प्लांट में 50 मीट्रिक टन बिटुमिन की पूर्ण क्षमता उपलब्ध है। इसके अलावा 6 एमएम, 10 एमएम और 20 एमएम ग्रिट भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है, जिससे कार्य में सामग्री की कमी के कारण कोई बाधा न आए।
दीपक रावत ने संबंधित अभियंताओं को निर्देश दिए कि सड़क को गड्ढामुक्त करने के कार्य में किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरती जाए और निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि मरम्मत कार्य की गुणवत्ता के साथ प्रगति की भी लगातार निगरानी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि कुमाऊं मंडल के अन्य महत्वपूर्ण मार्गों पर चल रहे मरम्मत कार्यों की भी नियमित समीक्षा की जा रही है। संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय सीमा में सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए गए हैं।


