
नैनीताल। कैंची धाम, भवाली एवं भीमताल क्षेत्र में 14 और 15 नवंबर 2026 को वीकेंड/अवकाश के दौरान श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस भवाली/भीमताल ने विशेष यातायात एवं डायवर्जन प्लान लागू किया है। यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए भारी वाहनों पर रोक, बसों और चौपहिया वाहनों के रूट डायवर्जन तथा पार्किंग एवं शटल सेवा की व्यवस्था निर्धारित की गई है।
भारी वाहनों का आवागमन सुबह 3 से रात 11 बजे तक प्रतिबंधित
14 और 15 नवंबर को प्रातः 03:00 बजे से रात्रि 11:00 बजे तक सभी प्रकार के भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे भारी वाहनों को जनपद की सीमा पर ही रोका जाएगा।
बसों और चौपहिया वाहनों के लिए सुबह 5 से रात 8 बजे तक डायवर्जन
बसों एवं चौपहिया वाहनों के लिए डायवर्जन प्लान प्रातः 05:00 बजे से रात्रि 08:00 बजे तक प्रभावी रहेगा। निर्धारित रूट इस प्रकार हैं:
- अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ से मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन: लमगड़ा → धनाचूली → धारी → खुटानी बैंड → भीमताल होते हुए अपने गंतव्य को जाएंगे।
- हल्द्वानी, काठगोदाम एवं मैदानी क्षेत्रों से अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ जाने वाले वाहन: खुटानी बैंड, भीमताल → धारी → धनाचूली बैंड होते हुए जाएंगे।
- काठगोदाम से रानीखेत जाने वाले वाहन: खुटानी बैंड से डायवर्ट होकर मुक्तेश्वर → रामगढ़ मार्ग से जाएंगे।
कैंची धाम जाने वाले पर्यटकों के लिए पार्किंग और शटल व्यवस्था
- भीमताल की ओर से आने वाले निजी वाहन: विकास भवन पार्किंग, भीमताल में वाहन पार्क करें। यहां से स्थानीय शटल सेवा द्वारा भवाली/कैंची धाम मंदिर तक पहुंचें।
- ज्योलीकोट → गेठिया → नैनीताल मार्ग से आने वाले निजी वाहन: भवाली सैनेटोरियम पार्किंग में वाहन पार्क करें। यहां से स्थानीय शटल सेवा द्वारा कैंची धाम मंदिर तक जाएं।
स्थानीय वाहनों और भीमताल से आने वाले वाहनों के लिए मार्ग
- भीमताल/नैनीताल/ज्योलीकोट की ओर से खैरना, गरमपानी या बेतालघाट जाने वाले स्थानीय वाहन दूनीखाल–रातीघाट मोटर मार्ग से अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे।
- भीमताल से अल्मोड़ा/रानीखेत/कैंची धाम जाने वाले वाहन नैनी बैंड प्रथम → सैनेटोरियम बाईपास मोटर मार्ग → शिप्रा पुल, भवाली से अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।
कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी और दोपहिया वाहनों पर प्रतिबंध
वीकेंड के दौरान कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी एवं दोपहिया वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। पीली नंबर प्लेट वाले दोपहिया वाहन भी इस प्रतिबंध के दायरे में रहेंगे।
नैनीताल पुलिस की अपील: आमजन एवं पर्यटक यात्रा के दौरान निर्धारित डायवर्जन, पार्किंग और शटल व्यवस्था का पालन करें, ताकि अनावश्यक जाम एवं असुविधा से बचा जा सके। नैनीताल पुलिस का सहयोग करें और अपनी यात्रा सुगम एवं सुरक्षित बनाएं।


