
सितारगंज। कोतवाली क्षेत्र से लापता किशोरी की तलाश में पुलिस ने लालड़ू-किशनगढ़-दरिया क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया। किशोरी की गुमशुदगी कोतवाली में दर्ज है। उसकी बरामदगी की मांग को लेकर परिजन धरना-प्रदर्शन भी कर चुके हैं।
पुलिस टीम ने एसएसआई जावेद मलिक, हेड कांस्टेबल मतलूब खान और कांस्टेबल प्रेम सिंह के नेतृत्व में क्षेत्र के होटल, ढाबों, रेस्टोरेंट और अन्य संभावित स्थानों पर चेकिंग की। इस दौरान होटल व ढाबा संचालकों तथा कर्मचारियों से पूछताछ कर किशोरी के संबंध में जानकारी जुटाई गई।

पुलिस टीम ने डोर-टू-डोर अभियान चलाकर स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की। इसके अलावा किशोरी के पंफलेट चस्पा किए गए और लोगों को उसकी तस्वीर दिखाकर उसके बारे में जानकारी हासिल करने का प्रयास किया गया।
एसएसआई जावेद मलिक ने बताया कि किशोरी के किसी होटल, ढाबे या रेस्टोरेंट में काम करने की संभावना को देखते हुए इन स्थानों पर विशेष रूप से जांच की जा रही है। पुलिस टीम संभावित स्थानों पर लगातार तलाश कर रही है।

