
हल्द्वानी। शहर की जर्जर सड़कों और सरकारी अस्पतालों में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुद्ध पार्क में प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और पुतला फूंका। युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष हेमंत साहू के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए व्यवस्थाओं में सुधार की मांग उठाई।
इस दौरान हेमंत साहू ने कहा कि राजपुरा समेत पूरे हल्द्वानी की सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है और हादसों का खतरा बना हुआ है। वहीं, एसटीएच, बेस अस्पताल और महिला बेस अस्पताल में व्याप्त अव्यवस्थाएं स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सरकार के दावों की पोल खोल रही हैं।
पूर्व पार्षद राजेंद्र बिष्ट और संदीप भसोड़ा ने आरोप लगाया कि सरकार गरीबों और छोटे व्यापारियों का उत्पीड़न कर रही है। जसविंदर भसीन और रेखा जाटव ने कहा कि जनता सरकार की नीतियों से त्रस्त है और आगामी चुनाव में इसका जवाब देगी।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़कों का सुधारीकरण और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार नहीं किया गया तो पार्टी व्यापक आंदोलन करने को मजबूर होगी।
प्रदर्शन में राजों टंडन, इशाक खान, कौशलेन्द्र भट्ट, संजू उप्रेती, ज्योति आर्या, रेनू आर्या, पंकज कश्यप, सहिमा सिद्दीकी, नरेश जाटव, नीरज कुमार, गिरीश पांडे, गोपाल कुमार, पार्वती जाटव, कु. एंजल, अंशिका सिंह, खुशबू कश्यप और नवल आर्या सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।


