
हल्द्वानी। वर्षों से सड़क की सुविधा का इंतजार कर रहे विजयपुर-पहाड़पानी और देवलामल्ला के ग्रामीणों की राह आसान करने के लिए चल रहे निर्माण कार्य को गति देने के लिए सांसद अजय भट्ट ने मोर्चा संभाला। शनिवार को उन्होंने निर्माणाधीन मोटर मार्ग और सूखी नदी पर बन रहे काजवे का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को गुणवत्ता और समयसीमा के सख्त निर्देश दिए।
करीब 3 करोड़ 87 लाख 18 हजार रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना के तहत 1.300 किलोमीटर मोटर मार्ग और सूखी नदी पर 125 मीटर लंबे काजवे का निर्माण होना है। निरीक्षण के दौरान सांसद ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं।
निरीक्षण में सामने आया कि वन विभाग को 1 करोड़ 16 लाख रुपये का भुगतान किया जाना है। इस पर सांसद ने संबंधित विभागाध्यक्ष राजेश शर्मा से फोन पर वार्ता कर आवश्यक बजट जल्द उपलब्ध कराने को कहा, ताकि धनराशि के अभाव में निर्माण कार्य प्रभावित न हो।
सांसद ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण में गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए और काम निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए।
सड़क बनने से क्षेत्र के ग्रामीणों को पैदल आवाजाही की परेशानी से राहत मिलेगी। साथ ही मरीजों को अस्पताल पहुंचाने और आपातकालीन परिस्थितियों में आवागमन आसान होगा।
इस दौरान लोनिवि के अधिशासी अभियंता रतनेश सक्सेना, सहायक अभियंता मनोज पांडे, एसडीएम हल्द्वानी मोनिका आर्य, पार्टी पदाधिकारी और क्षेत्रीय ग्रामीण मौजूद रहे।


