चम्पावत में स्वाला–धौन के पास खाई में गिरी एक्सयूवी 300।
चम्पावत। जिले में स्वाला–धौन के पास रविवार तड़के करीब तीन बजे एक सड़क हादसा हो गया। यहां यूपी नंबर की एक्सयूवी 300 (UP 32 MC 7924) अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 25 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। हादसे के समय वाहन में पांच लोग सवार थे।
जिला आपदा प्रबंधन कक्ष (डीसीआर) से दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और 108 एम्बुलेंस को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन में सवार चार लोग खाई से सुरक्षित सड़क तक पहुंच गए। इनमें आशीष श्रीवास्तव (37), अंशुमान कुशवाहा (25), अमित शुक्ला (32) और विकास गिरी (30) शामिल हैं। चारों को मामूली चोटें आई हैं।
दुर्घटना के दौरान वाहन से छिटककर खाई में गिरे अजीत कुशवाहा (27) को निकालने के लिए बचाव अभियान जारी है। प्रारंभिक सूचना में उनकी स्थिति गंभीर बताई गई है।
मौके पर प्रशासन, कोतवाली चम्पावत पुलिस, फायर स्टेशन चम्पावत और एसडीआरएफ की टीमें रेस्क्यू कार्य में जुटी हैं। 108 एम्बुलेंस की टीम भी घटनास्थल पर मौजूद है।
प्रशासन और बचाव दल की ओर से आगे की कार्रवाई जारी है। घायल युवक की स्थिति तथा रेस्क्यू अभियान से जुड़ी अद्यतन जानकारी की प्रतीक्षा है।


