
3,470 हेक्टेयर भूमि और दोगुनी जमीन की व्यवस्था कैसे करेगी सरकार?
80 हजार से अधिक आबादी, 32 ग्राम सभाएं और 31 हजार मतदाता; वन अधिकार अधिनियम की फाइल शासन में लंबित, अब केंद्र की ओर
बसंत पांडे
लालकुआं(नैनीताल)। बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा दिलाने की मांग दशकों पुरानी है। लगभग 80 हजार से अधिक आबादी, 32 ग्राम सभाओं, 31 हजार से अधिक मतदाताओं और 3,470 हेक्टेयर भूमि वाले इस क्षेत्र की समस्या का समाधान आज तक नहीं हो पाया है।
वर्तमान सरकार की कैबिनेट बैठक में बिंदुखत्ता को राजस्व गांव बनाने के लिए केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय को प्रस्ताव भेजने पर सैद्धांतिक सहमति दी गई है। यह निर्णय स्वागत योग्य है, लेकिन एक बड़ा सवाल खड़ा करता है—जब वन अधिकार अधिनियम, 2006 के तहत पहले से प्रक्रिया आगे बढ़ चुकी है और तीनों स्तरीय समितियों की सहमति के बाद पत्रावली राज्य सरकार को भेजी जा चुकी है, तो उस पर निर्णय क्यों नहीं लिया जा रहा?
जब एक रास्ता पहले से मौजूद है तो दूसरे जटिल रास्ते की जरूरत क्यों? और यदि केंद्र की प्रक्रिया अपनाई जा रही है तो 3,470 हेक्टेयर भूमि के मामले में दोगुनी भूमि और क्षतिपूरक वनीकरण की व्यवस्था कैसे होगी?
बिंदुखत्ता आज एक बड़ी और व्यवस्थित आबादी वाला क्षेत्र है। यहां लगभग 42 मतदान केंद्र, एक आईटीआई, 4,000 से अधिक इंडिया मार्का हैंडपंप और करीब 98 प्रतिशत विद्युतीकरण है।
शिक्षा के क्षेत्र में 25 प्राथमिक विद्यालय, 5 जूनियर हाईस्कूल, 2 इंटर कॉलेज, 2 निजी प्राथमिक विद्यालय, 17 निजी जूनियर हाईस्कूल, 15 निजी हाईस्कूल एवं इंटर कॉलेज तथा बताए जाते हैं।
इसके अलावा 25 दुग्ध समितियां, एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, 28 सस्ता गल्ला दुकानें और 24 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं।
इतनी बड़ी आबादी और विकसित बुनियादी ढांचे के बावजूद राजस्व गांव का दर्जा नहीं मिलना अपने आप में गंभीर सवाल है।
जानकारी के अनुसार, वन अधिकार अधिनियम, 2006 के तहत ग्राम स्तरीय, उपखंड स्तरीय और जिला स्तरीय समितियों ने सहमति के बाद पत्रावली राज्य सरकार को आगे की कार्रवाई के लिए भेजी है। इसके बावजूद फाइल शासन में लंबित है।
आखिर फाइल किस अधिकारी या विभाग के स्तर पर रुकी हुई है? क्या कोई कानूनी आपत्ति है? यदि है तो सरकार उसे सार्वजनिक क्यों नहीं करती?
3,470 हेक्टेयर भूमि के बाद दोगुनी जमीन कहां से आएगी?
केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय के माध्यम से प्रस्ताव आगे बढ़ाने पर वन (संरक्षण) अधिनियम, 1980 के प्रावधानों और क्षतिपूरक वनीकरण का सवाल भी महत्वपूर्ण होगा।
यदि संबंधित प्रस्ताव में दोगुनी भूमि उपलब्ध कराने की शर्त लागू होती है तो इतनी बड़ी भूमि की व्यवस्था कहां से होगी? वृक्षारोपण कहां कराया जाएगा और इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी?
सरकार को इन सवालों पर भी अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। केवल प्रस्ताव भेजने की सहमति से बिंदुखत्ता की समस्या का समाधान नहीं होगा।
वर्ष 2002 से 2006 के बीच बिंदुखत्ता सहित 63 खातों को राजस्व गांव बनाने की पत्रावलियां केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय तक पहुंची थीं। उपलब्ध दस्तावेजों के अनुसार मंत्रालय स्तर पर स्वीकृति भी मिली थी, लेकिन मामला सर्वोच्च न्यायालय तक प्रभावी ढंग से नहीं पहुंच सका।
इसके बाद वर्ष 2009, 2011 और 2024 में मुख्यमंत्री स्तर से घोषणाएं हुईं, लेकिन समाधान नहीं निकला। वर्ष 2015 में नगर पालिका बनाई गई, जिसे जनता की मांग और विरोध के बाद वापस लेना पड़ा।
कांग्रेस और भाजपा दोनों के शासनकाल में यह मुद्दा उठता रहा, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हुआ। ऐसे में जनता के मन में सवाल है कि क्या बिंदुखत्ता की समस्या केवल चुनावी मुद्दा बनकर रह गई है?
आंदोलन जारी, अब सरकार जवाब दे
बिंदुखत्ता को राजस्व गांव बनाने के लिए वन अधिकार संगठन लंबे समय से आंदोलन कर रहा है। वर्तमान में भी धरना-प्रदर्शन जारी है।
सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि वन अधिकार अधिनियम के तहत लंबित फाइल पर कब निर्णय होगा, केंद्रीय मंत्रालय को प्रस्ताव कब भेजा जाएगा और राजस्व गांव की अधिसूचना की समयसीमा क्या होगी?
बिंदुखत्ता के लिए सरकार के सामने दो महत्वपूर्ण सवाल हैं—जब वन अधिकार अधिनियम के तहत प्रक्रिया पहले से आगे बढ़ चुकी है तो उस पर निर्णय क्यों नहीं? और यदि केंद्र की जटिल प्रक्रिया ही अपनानी है तो 3,470 हेक्टेयर भूमि तथा दोगुनी जमीन की व्यवस्था कैसे होगी?
80 हजार से अधिक लोगों को अब नई घोषणाएं नहीं चाहिए। उन्हें अपनी जमीन, पहचान और भविष्य के लिए ठोस निर्णय चाहिए।
बिंदुखत्ता को आश्वासन नहीं, अधिकार चाहिए। अब सरकार को जवाब देना होगा।


