
हरिद्वार। कांवड़ मेला-2026 के सकुशल सम्पन्न होने के बाद हरिद्वार जनपद में 12 अगस्त से 18 अगस्त तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के नेतृत्व में चलाए जाने वाले इस अभियान का उद्देश्य कांवड़ यात्रा के दौरान गंगा घाटों, यात्रा मार्गों और सार्वजनिक स्थलों पर जमा हुए कूड़े-कचरे को हटाकर तीर्थनगरी को स्वच्छ एवं सुंदर बनाना है।

विशेष स्वच्छता अभियान को सफल बनाने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि कांवड़ मेला सम्पन्न होने के बाद गंगा घाटों एवं कांवड़ यात्रा मार्गों पर बड़ी मात्रा में कूड़ा-कचरा एकत्रित हुआ है। इसकी तत्काल सफाई और उचित निस्तारण आवश्यक है।
उन्होंने नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत, जिला पंचायत एवं ग्राम पंचायतों के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। कांवड़ यात्रा मार्गों, गंगा घाटों, पार्किंग स्थलों, प्रमुख चौराहों, बाजार क्षेत्रों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
सीडीओ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सफाई के साथ-साथ एकत्रित कूड़े का उचित निस्तारण भी सुनिश्चित किया जाए। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें तथा स्वच्छता व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग की जाए।
जनभागीदारी से बनेगा स्वच्छ हरिद्वार
मुख्य विकास अधिकारी ने सामाजिक संगठनों, धार्मिक संस्थानों, स्वयंसेवी संस्थाओं, व्यापार मंडल, औद्योगिक इकाइयों, जनप्रतिनिधियों, संत समाज एवं आमजन से विशेष स्वच्छता अभियान में सहयोग की अपील की।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। जनभागीदारी के माध्यम से ही स्वच्छ एवं सुंदर हरिद्वार के संकल्प को साकार किया जा सकता है।
बैठक में डीडीओ केके पंत, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, उपायुक्त नगर निगम महेंद्र यादव, डॉ. एचबी पंत, किरण, पवन कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं विभिन्न सरकारी और गैर-सरकारी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कई अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से बैठक में जुड़े।

