
रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के शिव एन्क्लेव में 24 सितंबर की रात हुई फायरिंग और वाहनों में तोड़फोड़ के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक .32 बोर पिस्टल, दो .315 बोर देशी तमंचे और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने सोमवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि 24 सितंबर की रात गंगापुर रोड स्थित शिव एन्क्लेव में फायरिंग और वाहनों में तोड़फोड़ की घटना हुई थी। मामले में 25 सितंबर को मुकदमा दर्ज कर विवेचना वरिष्ठ उपनिरीक्षक मुकेश मिश्रा को सौंपी गई थी। प्रभारी निरीक्षक ट्रांजिट कैंप धर्मवीर सोलंकी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर तीनों आरोपियों को किच्छा रोड स्थित एफसीआई गोदाम के सामने से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम नंदू पुत्र सालिक राम (26), निवासी नई बस्ती खानपुर, बिलासपुर, रामपुर, सोहेल पुत्र मोहम्मद उमर (21), निवासी सिरौली कलां, पुलभट्टा, किच्छा, हाल निवासी आजादनगर, ट्रांजिट कैंप और सुमित अधिकारी उर्फ बंगाली पुत्र हरीश चंद्र अधिकारी (18), निवासी भदईपुरा, ट्रांजिट कैंप बताए।
पुलिस के अनुसार नंदू के कब्जे से .32 बोर की अवैध पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। वहीं सुमित उर्फ बंगाली और सोहेल के पास से एक-एक .315 बोर का देशी तमंचा और एक-एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका साथी साजेब उर्फ अरमान शिव एन्क्लेव में एक युवती से मिलने गया था। वहां लोगों के घेरने पर वह मौके से भाग निकला, जबकि उसकी कार वहीं छूट गई। कार निकालने के लिए आरोपी वहां पहुंचे, लेकिन भीड़ देखकर उन्होंने हवाई फायरिंग कर दी। आरोपियों के मुताबिक कार के टायरों के नट खुले मिले, जिससे वे गुस्सा हो गए और तलवार से दो वाहनों में तोड़फोड़ करने के बाद फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सोलंकी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मुकेश मिश्रा, उपनिरीक्षक प्रकाश चंद्र, उपनिरीक्षक जितेंद्र खत्री, अपर उपनिरीक्षक चंद्रप्रकाश बवाड़ी, हेड कांस्टेबल अनिल कुमार और कांस्टेबल हिमांशु आर्य शामिल रहे।


