
तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने श्रमिक को रौंदा, मौत
रुद्रपुर। सिडकुल क्षेत्र में खाना लेने ट्रांजिट कैंप जा रहे 27 वर्षीय श्रमिक को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मारकर रौंद दिया। हादसे में श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिला अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

जानकारी के अनुसार ग्राम नगरिया विक्रम, थाना फरीदपुर, बरेली निवासी अर्जुन (27) पुत्र स्व. प्रकाश करीब एक वर्ष से रुद्रपुर के सिडकुल क्षेत्र में रहकर रामा पेनलर्स प्राइवेट लिमिटेड में काम कर रहा था। विगत रात वह फैक्ट्री से खाना लेने के लिए पैदल ट्रांजिट कैंप की ओर जा रहा था। इसी दौरान एटीसी टावर के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। वाहन की चपेट में आने से अर्जुन गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया। सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी रुद्रपुर पहुंच गए। पुलिस ने पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
परिजनों के अनुसार अर्जुन के दो बड़े भाई, एक छोटा भाई और दो बहनें हैं। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है।

