
अल्मोड़ा। नंदाष्टमी के अवसर पर शनिवार को अल्मोड़ा के ऐतिहासिक नंदादेवी मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। दूर-दराज के गांवों से पहुंचे श्रद्धालु मां नंदा के दर्शन के लिए लंबी कतारों में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।

नंदाष्टमी के दिन मां नंदा की पूजा-अर्चना का विशेष महत्व माना जाता है। श्रद्धालुओं ने उपवास रखकर मंदिर में पूजा-अर्चना की और मां नंदा के दर्शन कर सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना की।
श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए मंदिर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात किया गया। दिनभर मंदिर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा।
मंदिर के पुजारी ताराचंद जोशी ने बताया कि मान्यता के अनुसार नंदाष्टमी के दिन मां नंदा अपने भक्तों को दर्शन देने के लिए धरती पर अवतरित होती हैं। इस दिन उपवास रखकर मां नंदा की आराधना करने का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है।
वहीं, चंद्रवंशी परिवार की ओर से शनिवार रात मां नंदा की विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। नंदाष्टमी को लेकर मंदिर परिसर में पूरे दिन भक्तिमय माहौल बना रहा।

