
हल्द्वानी, 14 सितंबर। जिला सूचना अधिकारी स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी के निधन पर सोमवार को मीडिया सेंटर हल्द्वानी में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दूरभाष के माध्यम से सभा को संबोधित करते हुए स्व. जोशी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया और उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि इस तरह गिरिजा शंकर जोशी को श्रद्धांजलि देनी पड़ेगी। उन्होंने कहा, “गिरिजा शंकर जोशी जी हर समय खड़े रहने वाले और निरंतर काम करने वाले व्यक्ति थे। उनका इस तरह असमय चले जाना बेहद दुखद है। मैं व्यक्तिगत रूप से बहुत आहत हूं।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. जोशी का निधन सभी के लिए बड़ी क्षति है। उन्होंने अपने कार्य, व्यवहार और कर्तव्यनिष्ठा से जो पहचान बनाई, वह हमेशा स्मरणीय रहेगी। सरकार शोक संतप्त परिवार के साथ खड़ी है और भविष्य में भी परिवार को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि स्व. गिरिजा शंकर जोशी के नाम और उनके अच्छे कार्यों को आने वाले समय में भी स्मरणीय बनाए रखने के लिए सभी से विचार-विमर्श कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
नए मीडिया सेंटर का नाम स्व. जोशी के नाम पर रखने की मांग
श्रद्धांजलि सभा में मौजूद पत्रकारों ने मुख्यमंत्री से सामूहिक रूप से मांग रखी कि हल्द्वानी में निर्माणाधीन नवीन मीडिया सेंटर का नाम स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी के नाम पर रखा जाए। मुख्यमंत्री ने इस प्रस्ताव पर आश्वासन देते हुए कहा कि स्व. जोशी की स्मृतियों और उनके अच्छे कार्यों को चिरस्थायी बनाने के लिए सभी से विचार-विमर्श किया जाएगा और सहमति के आधार पर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।
- श्रद्धांजलि सभा में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी., दर्जा राज्य मंत्री ध्रुव रौतेला, मीडिया कोऑर्डिनेटर कमलेश भट्ट, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, उपजिलाधिकारी रेखा कोहली, कोषाधिकारी द्वारिका प्रसाद वर्मा, सूचना अधिकारी मीडिया सेंटर अहमद नदीम सहित पत्रकारगण तथा सूचना विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

