
रानीखेत। रामनगर-रानीखेत मार्ग पर कुमेरिया और सौराल के बीच रविवार सुबह सड़क धंसने से बड़ा हादसा हो गया। सड़क का हिस्सा धंसते ही डंपर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में डंपर चालक वाहन और पेड़ के बीच बुरी तरह दब गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। रेस्क्यू टीम ने कटर से डंपर को काटकर चालक का शव बाहर निकाला।
सूचना मिलते ही भतरौजखान पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। भतरौजखान थानाध्यक्ष अवनीश कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान जसवंत सिंह उर्फ गुड्डू (36) पुत्र गोपाल सिंह, निवासी गजार, तहसील चौखुटिया के रूप में हुई है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

सड़क धंसने से बिगड़ा संतुलन
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार हादसे वाली जगह पर सड़क धंसने के निशान दिखाई दे रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि सड़क का हिस्सा धंसने से डंपर का संतुलन बिगड़ा और वह खाई में जा गिरा। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
पिता के बाद अब बेटे की भी सड़क हादसे में मौत
जसवंत सिंह की मौत की खबर से गजार गांव में मातम पसरा है। बताया गया कि कई वर्ष पहले उनके पिता गोपाल सिंह की भी सड़क हादसे में मौत हो गई थी। अब बेटे की भी दुर्घटना में जान चले जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
हादसे ने रामनगर-रानीखेत मार्ग की बदहाल स्थिति पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक मार्ग कई स्थानों पर संकरा और क्षतिग्रस्त है। गड्ढों व खराब सड़क के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों का कहना है कि मार्ग के चौड़ीकरण और मरम्मत की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन हादसे लगातार इसकी बदहाली की तस्वीर सामने ला रहे हैं।

