
–सपरिवार पहुंचे जागेश्वर महादेव के दरबार, देश की सुख-समृद्धि और विश्व कल्याण की कामना की
जागेश्वर (अल्मोड़ा)। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री बीएल वर्मा ने बुधवार प्रातः सपरिवार प्रसिद्ध जागेश्वर धाम पहुंचकर भगवान ज्योतिर्लिंग जागेश्वर महादेव का विधि-विधान से रुद्राभिषेक एवं हवन-पूजन किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न धार्मिक अनुष्ठान में उन्होंने देश की सुख-समृद्धि, शांति और विश्व कल्याण की कामना की।
मंदिर के पुजारियों ने वैदिक परंपराओं के अनुसार पूजा-अर्चना संपन्न कराई। भगवान जागेश्वर महादेव के दर्शन एवं पूजन के बाद केंद्रीय मंत्री कोटूली स्थित श्री नीलकंठ धाम (जागनाथ आश्रम) पहुंचे। यहां धाम के पीठाधीश्वर कैलाशानंद महाराज ने उनका स्वागत किया।
नीलकंठ महादेव की पूजा-अर्चना कर लिया आशीर्वाद
कैलाशानंद महाराज के सानिध्य में बीएल वर्मा ने श्री नीलकंठ महादेव की पूजा-अर्चना की और आश्रम में संचालित धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर महाराज ने केंद्रीय मंत्री को जागेश्वर धाम की रुद्राक्ष माला और भगवा शाल भेंट कर सम्मानित किया।
केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि जागेश्वर धाम और नीलकंठ धाम की आध्यात्मिक ऊर्जा अद्वितीय है। इन पवित्र स्थलों पर पहुंचकर आत्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा की अनुभूति होती है। उन्होंने इन धार्मिक स्थलों की आध्यात्मिक महत्ता को विशेष बताया।
धार्मिक अनुष्ठान में कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर आचार्य गिरीश भट्ट, नीलकंठेश्वर धाम के मुख्य अर्चक आचार्य नीरज तिवारी, आचार्य निर्मल भट्ट, आचार्य अभय गौड़, पुष्कर सिंह चौहान, श्रीमती मंजू भट्ट, श्रीमती भूमिका भट्ट सहित स्थानीय प्रशासन के अधिकारी एवं आश्रम के सेवादार उपस्थित रहे।


