
देहरादून। नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में विकासनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 60 वर्षीय महिला हिस्ट्रीशीटर को 6.98 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। महिला ने पुलिस की नजर से बचाने के लिए स्मैक को घर में रोटी बनाने वाले चकले के पीछे छिपाकर रखा था।
पुलिस के अनुसार, महिला की पहचान परवीन उर्फ पिन्नो पत्नी इसरार, निवासी कुंजाग्रांट, विकासनगर के रूप में हुई है। वह कोतवाली विकासनगर की हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ पहले से आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह मादक पदार्थों की तस्करी, चोरी सहित अन्य मामलों में जेल भी जा चुकी है।

पुलिस ने बताया कि 11 जुलाई को मदीना बस्ती बाईपास रोड निवासी दिलदार को 8.08 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद तीन सितंबर को सहसपुर निवासी आशिफ को 10.28 ग्राम स्मैक के साथ पकड़ा गया। दोनों से पूछताछ में स्मैक परवीन उर्फ पिन्नो से खरीदने की बात सामने आई।
इसके बाद पुलिस ने परवीन के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 29 के तहत विवेचना शुरू की। घर की तलाशी के लिए न्यायालय से सर्च वारंट लिया गया। सात सितंबर को मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पुलिस ने महिला के घर की तलाशी ली। इस दौरान चकले के पीछे छिपाकर रखी 6.98 ग्राम स्मैक बरामद हो गई।
पूछताछ में तस्करी की बात कबूली
पुलिस पूछताछ में महिला ने बताया कि उसने जुलाई में दिलदार को स्मैक बेची थी। दिलदार की गिरफ्तारी के बाद जब उसे अपना नाम पुलिस पूछताछ में सामने आने की जानकारी हुई तो उसने कुछ समय के लिए तस्करी बंद कर दी। मामला शांत होने का अंदेशा होने पर उसने दोबारा चोरी-छिपे स्मैक बेचना शुरू कर दिया।
पुलिस के अनुसार, कुछ दिन पहले उसने सहसपुर निवासी आशिफ को भी अपने घर से स्मैक बेची थी। आशिफ की गिरफ्तारी के बाद बची हुई स्मैक को उसने घर में छिपा दिया था, जिसे पुलिस ने तलाशी के दौरान बरामद कर लिया।
बरामदगी: 6.98 ग्राम अवैध स्मैक
गिरफ्तार: परवीन उर्फ पिन्नो, उम्र 60 वर्ष, निवासी कुंजाग्रांट, विकासनगर, देहरादून।

