
बागेश्वर। खड़िया खदान के कारण आवासीय मकान में आई दरारों और लगातार बढ़ते खतरे के बावजूद क्षतिपूर्ति नहीं मिलने से परेशान 80 वर्षीय पूर्व सैनिक प्रेम राम एक बार फिर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। मंगलवार को उनके समर्थन में उत्तराखंड पूर्व सैनिक संगठन के पदाधिकारी भी डीएम कार्यालय पहुंचे और प्रशासन से मामले का शीघ्र समाधान कराने की मांग की। इस दौरान संगठन पदाधिकारियों ने सांकेतिक प्रदर्शन कर नारेबाजी भी की।

तहसील कांडा के ग्राम बास्तोली निवासी प्रेम राम के अनुसार, वर्ष 2004 से वह अपने मकान को खड़िया खदान से हुए नुकसान और उससे उत्पन्न खतरे को लेकर लगातार अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं। करीब 22 वर्ष बीत जाने के बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं हो सका है। उनका कहना है कि मकान में लगातार दरारें बढ़ रही हैं और आवासीय भवन पूरी तरह खतरे की जद में आ चुका है।
पूर्व सैनिक का आरोप है कि लंबे समय से अधिकारियों के समक्ष गुहार लगाने के बावजूद उन्हें अब तक न तो उचित क्षतिपूर्ति मिली और न ही मकान की सुरक्षा के लिए कोई ठोस कदम उठाया गया। ऐसे में उम्र के इस पड़ाव पर उन्हें अपने ही घर की सुरक्षा को लेकर संघर्ष करना पड़ रहा है।

