
हल्द्वानी। रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में सुप्रीम कोर्ट के अहम फैसले से पहले नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी के नेतृत्व में पुलिस को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रखा गया है। किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
बनभूलपुरा क्षेत्र में तैनात पुलिस बल की कोतवाली हल्द्वानी के सभागार में पुलिस अधीक्षक अपराध एवं यातायात डॉ. जगदीश चंद्र की अध्यक्षता में ब्रीफिंग की गई। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को सरकारी कार्रवाई के दौरान संयम बरतने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए।

ब्रीफिंग के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर मनोज कत्याल, पुलिस अधीक्षक संचार एवं कार्यालय रेवाधर मठपाल, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी, क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल, क्षेत्राधिकारी भवाली बलजीत सिंह भाकुनी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बनभूलपुरा में भारी पुलिस बल तैनात
सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के बाद शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। इसमें 2 सुपर जोन, 4 जोन, 2 पुलिस अधीक्षक, 5 क्षेत्राधिकारी, 15 निरीक्षक/थाना प्रभारी, 10 प्रभारी चौकी/आउटपोस्ट, 45 उपनिरीक्षक/अपर उपनिरीक्षक, 10 महिला उपनिरीक्षक/अपर उपनिरीक्षक, 182 हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल और 47 महिला हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल शामिल हैं। इसके अलावा पीएसी की 2 कंपनियां और 2 ड्रोन निगरानी टीमें भी तैनात रहेंगी।
विशेष टीमें भी रहेंगी मुस्तैद
सुरक्षा व्यवस्था के लिए अग्निशमन विभाग की चार इकाइयां, यातायात पुलिस की चार टीमें, बम निरोधक दस्ता, हॉक पुलिस की दो इकाइयां, पुलिस लाइन के अतिरिक्त विशेष दस्ते, आंसू गैस की दो टीमें, दंगा नियंत्रण की दो टीमें और फायरिंग स्क्वाड की दो टीमें तैनात रहेंगी। आवश्यकता के अनुसार अन्य विशेष वाहन और संसाधन भी मौके पर उपलब्ध रखे जाएंगे।
ड्रोन से होगी छतों और संवेदनशील इलाकों की निगरानी
पुलिस क्षेत्र में धरातलीय निगरानी के साथ हवाई निगरानी भी करेगी। ड्रोन के माध्यम से छतों, गलियों और संवेदनशील स्थानों पर नजर रखी जाएगी। पुलिस ने सोशल मीडिया गतिविधियों की भी सघन निगरानी शुरू कर दी है। अफवाह फैलाने, भड़काऊ पोस्ट प्रसारित करने या माहौल खराब करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
छतों पर पत्थर-मलबा जमा करने वालों पर होगी कार्रवाई
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि हिंसा या उपद्रव की नीयत से छतों पर पत्थर, रोड़ी, ईंट, मलबा, हथियार अथवा हथियारनुमा वस्तुएं जमा करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। किसी व्यक्ति या समूह द्वारा उपद्रव की तैयारी किए जाने की सूचना मिलने पर तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की जनता से शांति बनाए रखने की अपील
नैनीताल पुलिस ने आम नागरिकों से न्यायालय के निर्णय का सम्मान और पालन करने तथा क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने को कहा है।
पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया पर भी लगातार नजर रखी जा रही है। अफवाह, भ्रामक अथवा आपत्तिजनक सूचनाएं प्रसारित करने, लोगों को गुमराह करने या भड़काऊ बयानबाजी करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि शांति बनाए रखें, कानून का सम्मान करें और जिम्मेदार नागरिक का परिचय दें।

