देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को आईआरडीटी सभागार में कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग द्वारा आयोजित युवा कौशल महोत्सव-2026 में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने इंडिया स्किल प्रतियोगिता 2025-26 के अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर के विजेताओं को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने सहसपुर स्थित स्किल हब सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार हासिल करने वाले 35 युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए। अखिल भारतीय व्यावसायिक परीक्षा-2026 के 32 राजकीय आईटीआई टॉपर्स को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड के युवा अवसर मिलने पर दुनिया के किसी भी मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकते हैं। चीन के शंघाई में सितंबर 2026 में आयोजित 48वीं वर्ल्ड स्किल्स प्रतियोगिता में सानिया जोशी ने रिटेल सेल्स तथा पार्थ बोहरा ने इंडस्ट्रियल डिजाइन टेक्नोलॉजी में सिल्वर मेडल जीतकर देश और प्रदेश का मान बढ़ाया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को जॉब सीकर नहीं, बल्कि जॉब क्रिएटर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए 200 करोड़ रुपये के वेंचर फंड की व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री के अनुसार पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, खजान दास, सचिव सी. रविशंकर सहित विभागीय अधिकारी, प्रशिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


