हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। कुल 30 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें 18 का मौके पर निस्तारण किया गया।
कार्यक्रम में भूमि विवाद, विस्थापित परिवारों के भूखंडों पर कब्जे की आशंका, सरकारी चकरोड पर अतिक्रमण, कूड़ा निस्तारण और पेयजल जैसी समस्याएं प्रमुख रहीं। गंगदासपुर के विस्थापित परिवारों ने फेरूपुर कठिया में आवंटित प्लॉटों की पैमाइश कराने की मांग की।
सलेमपुर महदूद में विद्यालयों के आसपास कूड़ा फेंके जाने तथा अवैध मीट की दुकानों को बंद कराने की मांग उठाई गई। नया हरिद्वार कॉलोनी में अतिक्रमण हटाने और सिद्धिविनायक कॉलोनी फेस-2 में सरकारी चकरोड को कब्जामुक्त कराने के लिए भी प्रार्थना पत्र दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनसुनवाई में आने वाले प्रत्येक मामले को गंभीरता से लिया जाए। संबंधित अधिकारी समयबद्ध तरीके से शिकायतों का निस्तारण करें। स्थलीय जांच की जरूरत होने पर मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. लालित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आरके सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


