हरिद्वार। हरिद्वार से बहती मां गंगा का गहरा नीला और स्वच्छ जल इन दिनों देश-विदेश में सकारात्मक चर्चा का विषय बना हुआ है। पहले गंगा में प्रदूषण की खबरें सामने आती थीं, लेकिन अब स्थिति में बदलाव दिखाई दे रहा है। इसके पीछे नमामि गंगे परियोजना के तहत विकसित आधारभूत ढांचे और गंगा बंदी के दौरान चलाए गए व्यापक स्वच्छता अभियान को अहम माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यकाल में गंगा और उसकी सहायक नदियों के तटवर्ती शहरों में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के कार्यों को गति दी गई। इसके साथ ही छोटी-बड़ी बस्तियों से होकर गंगा में गिरने वाले नालों को टैप कर उनकी निकासी एसटीपी प्लांट से जोड़ने का काम किया गया है। इससे गंगा को स्वच्छ बनाने के लिए आधारभूत ढांचा मजबूत हुआ है।
गंगा बंदी के दौरान 100 टन से अधिक कचरा एकत्र
इस बार गंगा बंदी के दौरान हरिद्वार में प्रशासन ने व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया। इसमें विभिन्न विभागों, धार्मिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं और व्यापारिक संगठनों ने भाग लिया। अभियान के तहत 100 टन से अधिक कचरा एकत्र किया गया। घाटों और नदी तटों की सफाई के साथ नदी किनारे वर्षों से जमा प्लास्टिक कचरा, पूजा सामग्री के अवशेष और नदी में प्रवाहित किए गए कपड़ों को भी हटाया गया।
गंगा बंदी के बाद जब दीपावली की रात मां गंगा का जल पूरे वेग के साथ हरकी पैड़ी क्षेत्र में लौटा, तो तीर्थक्षेत्र में गंगा का स्वच्छ स्वरूप दिखाई दिया। प्रशासन तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों की सहभागिता से आगे भी स्वच्छता अभियान जारी रखने की दिशा में काम कर रहा है।
सभी 22 नाले टैप, 145 एमएलडी क्षमता के पांच एसटीपी सक्रिय
उत्तराखंड पेयजल निगम के अनुसार गंगा में गिरने वाले सभी 22 नालों को टैप कर उनकी निकासी एसटीपी प्लांट से जोड़ी जा चुकी है। हरिद्वार में कुल 145 एमएलडी क्षमता के पांच एसटीपी प्लांट संचालित हैं। इसके अतिरिक्त शिवालिक नगर में एक एसटीपी तथा विभिन्न स्थानों पर आठ सीवरेज पम्पिंग स्टेशन बनाए जा रहे हैं।
गंगा की निर्मलता सर्वोच्च प्राथमिकता: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मां गंगा हमारी आस्था, संस्कृति और जीवनदायिनी धरोहर हैं। इनकी निर्मलता और अविरलता बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। नमामि गंगे परियोजना के तहत एसटीपी प्लांटों के निर्माण, नालों की टैपिंग और व्यापक स्वच्छता अभियानों से गंगा की स्वच्छता को नई गति मिली है।

“मां गंगा हमारी आस्था, संस्कृति और जीवनदायिनी धरोहर हैं। इनकी निर्मलता और अविरलता बनाए रखना हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। नमामि गंगे परियोजना के तहत एसटीपी प्लांटों के निर्माण, नालों की टैपिंग और व्यापक स्वच्छता अभियानों से गंगा की स्वच्छता को नई गति मिली है। गंगा बंदी के दौरान जनसहभागिता से चलाया गया सफाई अभियान भी सराहनीय है। हमारा संकल्प है कि मां गंगा की स्वच्छता और पवित्रता को बनाए रखने के लिए निरंतर प्रभावी प्रयास जारी रहेंगे।”
पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री


