मिनी सरस मेले का शुभारंभ
उत्तरकाशी, 11 नवंबर 2026। उत्तराखंड राज्य के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन एवं ग्राम्य विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित जनपद स्तरीय मिनी सरस आजीविका मेले के तहत बुधवार को क्रेता-विक्रेता बैठक, कार्यशाला और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में दर्जाधारी राज्यमंत्री प्रताप सिंह पंवार, भटवाड़ी ब्लॉक प्रमुख ममता पंवार और जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने प्रतिभाग किया।

मेले का उद्देश्य स्थानीय उत्पादों को बाजार से जोड़ना, ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना और महिला उद्यमिता को बढ़ावा देना है। दर्जाधारी राज्यमंत्री प्रताप सिंह पंवार ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान उसकी संस्कृति, परंपराओं और स्थानीय उत्पादों से है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर विकसित करने और महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बाजार और पहचान दिलाने में मिनी सरस जैसे आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में एमडीएस और एल्पाइन स्कूल के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। सूचना एवं लोक संपर्क विभाग में पंजीकृत सांस्कृतिक दलों और स्थानीय कलाकारों ने लोकगीत एवं लोकनृत्य प्रस्तुत कर जनपद की लोक संस्कृति की झलक दिखाई।

मेले में जनपद के सभी छह विकासखंडों के स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार कृषि एवं गैर-कृषि उत्पादों, पारंपरिक खाद्य सामग्री, फल प्रसंस्करण उत्पादों और हस्तशिल्प के स्टॉल लगाए गए हैं। गढ़भोज का विशेष स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। क्रेता-विक्रेता बैठक में समूहों की महिलाओं और बाजार से जुड़े लोगों के बीच स्थानीय उत्पादों की गुणवत्ता, पैकेजिंग, ब्रांडिंग और विपणन को लेकर संवाद हुआ।
इसी क्रम में बुधवार को जोशियाड़ा झील में एडवेंचर स्पोर्ट्स गतिविधियां आयोजित की गईं। इनके माध्यम से युवाओं को साहसिक खेलों से जोड़ने और जनपद में साहसिक पर्यटन को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया गया। इस दौरान गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान भी मौजूद रहे और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख ममता पंवार, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, सीएमओ डॉ. श्याम विजय, डीडीओ वेद प्रकाश, सीएओ एसएस वर्मा, सीएचओ रजनीश कुमार, एसीएमओ डॉ. बीएस पांगती, डीपीआरओ प्रताप चौहान, डीटीडीओ खुशाल नेगी, पर्यावरण विशेषज्ञ स्वजल प्रताप मटूडा, एडीएसडब्लूओ सुधीर जोशी सहित अन्य अधिकारी और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।


