हरिद्वार। भारत विकास परिषद, संस्कार शाखा हरिद्वार ने कांवड़ मेला 2026 के दौरान जर्स कंट्री के सामने निःशुल्क चिकित्सा एवं सेवा शिविर का शुभारंभ किया। शिविर में कांवड़ यात्रियों को प्राथमिक उपचार, सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, आवश्यक दवाइयां और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है।

चिकित्सा सेवाओं के साथ परिषद के सदस्यों ने सेवा भाव से शिवभक्तों को बिस्कुट, पेयजल और अन्य आवश्यक सामग्री का वितरण भी किया। वहीं, ड्यूटी पर तैनात पुलिस एवं सुरक्षा कर्मियों को भी पेयजल, जूस और बिस्कुट वितरित कर उनके प्रति सम्मान और सहयोग का संदेश दिया गया।
शाखा अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि “नर सेवा ही नारायण सेवा” की भावना से प्रेरित होकर परिषद हर वर्ष समाजहित में ऐसे सेवा कार्य आयोजित करती है। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा में आने वाले लाखों शिवभक्तों की सेवा करना सभी के लिए सौभाग्य की बात है।

कार्यक्रम के प्रोग्राम चेयरमैन डॉ. प्रदीप त्यागी के नेतृत्व में चिकित्सा सेवाओं का संचालन किया गया। डॉ. महेंद्र आहूजा ने शिविर के लिए आवश्यक दवाइयां और चिकित्सा सामग्री उपलब्ध कराई, जबकि विजय सेठी ने 10 हजार रुपये का आर्थिक सहयोग प्रदान कर सेवा अभियान को मजबूती दी। परिषद ने दोनों समाजसेवियों के योगदान के लिए आभार व्यक्त किया।
इस सेवा अभियान में परिषद के अनेक सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। शाखा ने समाज के सभी नागरिकों से ऐसे सेवा कार्यों में आगे आकर सहयोग करने की अपील की।

