
हल्द्वानी। कुमाऊं में सड़क यातायात को सुगम बनाने के लिए सांसद अजय भट्ट ने मोहान से चौखुटिया तक मोटर मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग-109 के रूप में विकसित करने की मांग उठाई है। नैनीताल-ऊधमसिंह नगर के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय रक्षा व पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग को हस्तांतरित करने और दो लेन में चौड़ीकरण की प्रक्रिया को प्राथमिकता देने का अनुरोध किया है।
प्रस्ताव में मोहान, भतरौजखान, भिकियासैंण, मौसी और चौखुटिया को जोड़ने वाले इस मार्ग को कुमाऊं के लिए महत्वपूर्ण बताया गया है। सांसद के अनुसार, इस सड़क का उपयोग स्थानीय आवागमन के साथ पर्यटन और धार्मिक यात्राओं के लिए भी बड़े पैमाने पर होता है। रानीखेत और आसपास के क्षेत्रों में आने वाले पर्यटकों के अलावा चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालु भी इस मार्ग से गुजरते हैं।
सीमित चौड़ाई से जाम, चौड़ीकरण से मिलेगी राहत
सांसद ने पत्र में कहा कि सड़क की सीमित चौड़ाई और लगातार बढ़ते यातायात के कारण कई स्थानों पर जाम की स्थिति बनती है। इससे स्थानीय लोगों, पर्यटकों और वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ती है। मार्ग के दो लेन में चौड़ीकरण से यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
डीपीआर और वनभूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया का उल्लेख
पत्र के अनुसार, लगभग 101 किलोमीटर लंबे मार्ग को दो लेन में विकसित करने के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा चुकी है। इसके साथ ही वनभूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया भी गतिमान बताई गई है। प्रस्तावित योजना के तहत डीपीआर परामर्श की कार्रवाई भी की जानी है।
सांसद अजय भट्ट ने केंद्रीय मंत्री से मार्ग के सामरिक, आर्थिक और पर्यटन संबंधी महत्व को देखते हुए इसे राष्ट्रीय राजमार्ग-109 के रूप में विकसित करने, लोक निर्माण विभाग से राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग को हस्तांतरित करने तथा चौड़ीकरण और निर्माण कार्यों को प्राथमिकता देने का आग्रह किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रस्ताव पर कार्रवाई होने से क्षेत्रवासियों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी और कुमाऊं में पर्यटन तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।


