लोकतंत्र की मजबूती में मीडिया की भूमिका अहम, पत्रकारों के हितों के लिए सरकार प्रतिबद्ध : डीएम मनीष कुमार।
एनयूजे के प्रांतीय सम्मेलन में दया जोशी, त्रिलोक भट्ट, हरगोविंद बोहरा, गोविंद वर्मा व अनुज कुमार ने रखे विचार; पत्रकार हितों पर कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित।
लोहाघाट। नेशनलिस्ट यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (एनयूजे) के प्रांतीय सम्मेलन में मुख्य अतिथि जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में मीडिया की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सरकार पत्रकारों के हितों के लिए लगातार कार्य कर रही है। टनकपुर में आधुनिक मीडिया सेंटर का निर्माण कराया जा रहा है, जबकि चम्पावत जिला सूचना कार्यालय का विस्तार कर पत्रकारों के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
इस दौरान संगठन की ओर से जिलाधिकारी को शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मेलन में एनयूजे के प्रदेश अध्यक्ष दया जोशी, संस्थापक अध्यक्ष त्रिलोक भट्ट, कार्यक्रम संयोजक एवं राज्य आंदोलनकारी हरगोविंद बोहरा, नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा, व्यापार मंडल अध्यक्ष मनीष जुकरिया तथा जिला सूचना अधिकारी अनुज कुमार ने पत्रकारिता की चुनौतियों, संगठन की मजबूती और पत्रकारों के अधिकारों पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष जगदीश राय तथा संचालन प्रदेश कार्यकारिणी संगठन मंत्री गिरीश बिष्ट ने किया। सम्मेलन में पत्रकार कल्याण और संगठन को मजबूत बनाने से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।

