नैनीताल। हल्द्वानी-नैनीताल राष्ट्रीय मार्ग पर वल्दियाखान क्षेत्र में रविवार दोपहर अचानक एक विशाल चीड़ का पेड़ सड़क पर गिरने से यातायात बाधित हो गया। पेड़ गिरने के कारण मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को कुछ समय तक परेशानी का सामना करना पड़ा।
संयोगवश उसी मार्ग से गुजर रहे कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने स्थिति का तत्काल संज्ञान लेते हुए जिला आपदा प्रबंधन, पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को मौके से ही फोन कर पेड़ हटाने तथा यातायात शीघ्र बहाल करने के निर्देश दिए। अधिकारियों की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कर दिया गया।
इस दौरान कुमाऊं आयुक्त ने सड़क पर फंसे यात्रियों से धैर्य बनाए रखने की अपील की और भरोसा दिलाया कि जल्द ही मार्ग को साफ कर यातायात सामान्य कर दिया जाएगा।
घटना के दौरान कुछ बाइक और दोपहिया वाहन चालक पेड़ के किनारे या नीचे से जबरन निकलने का प्रयास कर रहे थे। सुरक्षा को देखते हुए कुमाऊं आयुक्त ने स्वयं उन्हें रोकते हुए समझाया कि ऐसी जल्दबाजी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। उन्होंने सभी यात्रियों से अपील की कि किसी भी आपदा या आपात स्थिति में प्रशासन का सहयोग करें और धैर्य बनाए रखें।
प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से कुछ ही समय में सड़क से पेड़ हटाकर यातायात सुचारू कर दिया गया। इस घटना में किसी भी व्यक्ति के घायल होने या अन्य प्रकार की क्षति की सूचना नहीं है।

