उत्तराखंड का सांकेतिक दृश्य
कोटद्वार, 22 नवंबर। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के अंतर्गत सोनानदी और पाखरो पर्यटन जोन में जंगल सफारी को लेकर पर्यटकों का उत्साह बढ़ रहा है। दोनों जोन में 15 दिसंबर तक की बुकिंग फुल बताई जा रही है। मानसून के बाद 15 नवंबर से पर्यटन सत्र शुरू होने के बाद पहले सप्ताह में ही पर्यटकों की अच्छी आमद दर्ज की गई।
उपलब्ध जानकारी के अनुसार शुरुआती सप्ताह में 23 जिप्सियों की बुकिंग हुई, जिनके माध्यम से 145 पर्यटकों ने जंगल सफारी का आनंद लिया। दिसंबर तक के लिए अग्रिम बुकिंग भी हो चुकी है।
सोनानदी वन्यजीव विहार के वतनवासा-हल्दूपड़ाव और पाखरो जोन में पर्यटकों को बाघ, तेंदुए, हाथियों और विभिन्न प्रजातियों के पक्षियों को देखने का अवसर मिलता है। घने जंगल, नदियां, झरने और विशाल घास के मैदान भी इन क्षेत्रों को खास बनाते हैं।
कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की सहायक वन संरक्षक अनामिका बुक्करवाल के अनुसार पर्यटन सत्र के पहले सप्ताह में पर्यटकों की अच्छी आमद रही। वन विभाग की ओर से सुरक्षित सफारी और पर्यटकों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में भी पर्यटकों की आवाजाही बनी रहेगी। जंगल सफारी के दौरान वन विभाग के नियमों का पालन और वन्यजीवों से सुरक्षित दूरी बनाए रखना जरूरी है।
फीचर इमेज: उत्तराखंड का सांकेतिक दृश्य।


