
काशीपुर (आरएनएस)। नो-एंट्री के नियमों का उल्लंघन कर शहर में प्रवेश करने वाले खनन डंपरों के खिलाफ यातायात पुलिस और सीपीयू की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। टीम ने 14 डंपरों को पकड़कर 12 का चालान किया और करीब 60 हजार रुपये का जुर्माना वसूला। वहीं, आवश्यक दस्तावेज पूरे नहीं मिलने पर दो डंपरों को सीज कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, नया ढेला नदी पुल पर तैनात होमगार्ड के रोकने के बावजूद 12 से 14 खनन डंपरों के शहर में प्रवेश करने की सूचना यातायात प्रभारी नीरज कुमार चौधरी को मिली। उन्होंने तत्काल अधीनस्थों और सीपीयू टीम को अलर्ट करते हुए नाकेबंदी के निर्देश दिए।
इसके बाद पुलिस और सीपीयू की संयुक्त टीम ने रामनगर रोड स्थित स्टेडियम तिराहे पर घेराबंदी कर सभी 14 डंपरों को रोक लिया। मौके पर वाहनों के दस्तावेजों की जांच की गई। नो-एंट्री के नियमों का उल्लंघन करने पर 12 डंपरों का चालान कर करीब 60 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया, जबकि आवश्यक कागजात पूरे नहीं होने पर दो डंपरों को सीज कर दिया गया।



