
नैनीताल। वीकेंड पर कैंची धाम में बाबा नीम करौली महाराज के दर्शन के लिए पहुंच रहे श्रद्धालुओं की सुविधा और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए नैनीताल पुलिस मुस्तैद है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में पुलिसकर्मी विभिन्न स्थानों पर तैनात रहकर व्यवस्थाओं को संभाल रहे हैं।
श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा विशेष यातायात प्रबंधन किया जा रहा है। श्रद्धालुओं को शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम तक पहुंचाने और वापस लाने की व्यवस्था की गई है, जिससे यातायात का दबाव कम करने में मदद मिल रही है।
इसके साथ ही वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़ा कराया जा रहा है। अनाउंसमेंट और स्टीकर व्यवस्था के जरिए श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को यातायात, पार्किंग और आवागमन से संबंधित आवश्यक जानकारियां दी जा रही हैं।
यातायात व्यवस्था की निगरानी के लिए राजपत्रित अधिकारियों सहित पुलिसकर्मी लगातार तैनात हैं। पुलिस का प्रयास है कि कैंची धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो और उनकी यात्रा सुरक्षित एवं सुगम बनी रहे।
नैनीताल पुलिस ने श्रद्धालुओं से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने और पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
मीडिया सेल, जनपद नैनीताल



